पूरनपुर। धर्म गुरु के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी इंटरनेट पर डालने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उलमा, मस्जिदों के इमाम और हाफिजों की पुलिस अफसरों के साथ पूरनपुर में वार्ता हुई। वार्ता में आठ दिन का पुलिस प्रशासन को समय दिया गया। बरेली से आए आल इंडिया जमात रजा ए मुस्तफा के महासचिव मौलाना शाहबुद्दीन रजवी ने बताया कि डीआईजी के आश्वासन पर 16 मई तक आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है।
आला हजरत दरगाह के मुफ्ती अजहरी मियां के सचिव और आल इंडिया जमात रजाए मुस्तफा के महासचिव मौलाना शाहबुद्दीन रजवी ने बताया कि धर्म गुरु के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी इंटरनेट पर डालने के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को लेकर डीआईजी से मिलकर वार्ता की गई। डीआईजी ने पूरे मामले को गंभीरता से दिखवाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस पर शुक्रवार से होने वाला आंदोलन 16 मई तक स्थगित कर दिया गया। इधर, उलमा, मस्जिदों के इमाम और हाफिजों की पुलिस अफसरों के साथ जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद मियां के आवास में वार्ता बैठक हुई। बैठक में कई उलमा, मस्जिदों के इमाम, हाफिज थे। उधर, सुन्नी उलमा कौंसिल की बैठक मेें भी रणनीति पर चर्चा कर पुलिस प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के लिए आठ दिन की मोहलत दी गई। बैठक में सुन्नी उलमा के राष्ट्रीय महासचिव हाफिज नूर अहमद रजा अजहरी, हाफिज असलम नूरी, हाफिज उस्मान, हाफिज कमर महबूब, हाफिज शमशाद आदि ने विचार रखे। उधर पौटा जामा मस्जिद के इमाम मौलाना कुतबुद्दीन, मौलाना अय्यूब और मौलाना रियाज अहमद ने कहा है कि बेगुनाहों को सजा न दिलाई जाए और अमन कायम रखा जाए।