पीलीभीत। डीएम अदिति सिंह ने सदर तहसील में हुए तहसील दिवस का औचक निरीक्षण किया। सात अधिकारियों के गैर हाजिर मिलने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण में विलंब करने और अधिनस्थ पर कार्रवाई न करने पर एसडीएम समेत चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आवास आवंटन में घपला पाए जाने पर एक ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया। तीनों तहसीलों में आई 196 शिकायतों में से सिर्फ दो का ही मौके पर निस्तारण हो पाया।
सदर तहसील में मंगलवार को एसडीएम एपी श्रीावास्तव की अध्यक्षता में तहसील दिवस हुआ। विभिन्न विभागों के विरुद्ध 65 शिकायतें आईं। मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो पाया। डीएम अदिति सिंह तहसील दिवस का औचक निरीक्षण करने पहुंच गईं। सबसे पहले उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो पीलीभीत, ललौरीखेड़ा, अमरिया और मरौरी की सीडीपीओ, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, नगर पंचायत जहानाबाद के अधिशासी अधिकारी निसार हैदर, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश भट्ट, को अनुपस्थित पाते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। 20 अगस्त को हुए तहसील दिवस की शिकायतों का निस्तारण न किए जाने पर डीआईओएस डॉ पवन कुमार सचान, डीएसओ नसीम अख्तर और बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता जीवन राम को कारण बताओ नोटिस करने के निर्देश दिए। ग्राम पकड़िया नौगवां में लाहिया आवस आवंटन में घपला पाए जाने पर ग्राम विकास अधिकारी ओम प्रकाश को निलंबित कर दिया। सत्यापन टीम के तीन सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। परिवार रजिस्टर में पुत्री का नाम सही कराने के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई न किए जाने पर ललौरीखेड़ा के ग्राम विकास अधिकारी राम प्रकाश मौर्य को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। तालाब से अवैध कब्जा न हटाने पर राजस्व निरीक्षक सोबरन सिंह पर कार्रवाई न करने पर एसडीएम सदर एपी श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ताबड़तोड़ कार्रवाई से तहसील में हड़कंप मच गया।
बीसलपुर। एडीएम आनंद कुमार की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में आईं 73 में से एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया। एडीएम ने सभी शिकायतें निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी के हवाले कर दी हैं। तहसील दिवस का संचालन एसडीएम रामप्रकाश ने किया। सीडीओ विजय कुमार, एएसपी अजय शुक्ला, सीएमओ डॉ राकेश कुमार, बीएसए हरिकेश यादव, सीवीओ वीके मलिक और बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) राकेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकांश जिला स्तरीय, तहसील स्तरीय और ब्लाक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
पूरनपुर। एसडीएम बृज किशोर दुबे की अध्यक्षता मेें ब्लाक सभागार में हुए तहसील दिवस में 58 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखी। इसमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील दिवस में सीओ रमेश बाबू यादव, बीडीओ एसएन वर्मा, तहसीलदार रामसुधार आदि अधिकारी, कर्मचारी थे।
लैपटॉप के नाम पर धन उगाही का प्रधानाचार्य पर आरोप
बिलसंडा। सपा सरकार की लैपटॉप वितरण व्यवस्था में भी धांधली बरते जाने का मामला प्रकाश में आया है। क्षेत्र के तुर्किया गांव स्थित भगवती दुर्गा संस्कृत महाविद्यालय सिंधौरा खरगपुर की छात्रा रूबी के भाई शाहजहांपुर के थाना निगोही के गांव हर्रईया निवासी विवेक कुमार ने तहसील दिवस में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है कि उनकी बहन से लैपटॉप दिलाने के नाम पर चार हजार रुपये की मांग की गई। रुपये न देने पर प्रधानाचार्य नरेंद्र तिवारी ने लाभार्थी सूची से नाम काटने की चेतावनी दी।
तहसील दिवस प्रभारी एडीएम आनंद कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईओएस डॉ पवन कुमार सचान को जांच सौंपी है। उधर, प्रधानाचार्य नरेंद्र तिवारी ने आरोप को पूरी तरह गलत बताया है।