पीलीभीत/हजारा/माधोटांडा। ट्रांस शारदा क्षेत्र में नदी के तट पर सर्व समाज के लोगों ने कटान की रोकथाम के लिए दुआएं मांगी और विशाल भंडारा किया। उधर माधोटांडा क्षेत्र में बाढ़ रोकने के लिए बनाई गईं ठोकरों को बचाने के लिए निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
हजारा के ट्रांस क्षेत्र में संत बाबा सुरजन सिंह की अरदास के बाद लोगों ने भू-कटान की रोकथाम के लिए दुआएं मांगी। फिर प्रसाद का भोग लगाकर विनती की। इस मौके पर भंडारा हुआ, जिसमें प्रमुख रूप से राणा प्रतापनगर प्रधान सुमन गुप्ता, पूर्व प्रधान हरीश खंडुजा, जिला पंचायत सदस्य दीनानाथ गौतम, नंदू सैनी, अनिरूद्ध मदेशिया, शिव नारायन लाल, अरविंद यादव, सुनील यादव, आरडी सिंह, मलकीत सिंह, तेजप्रताप सिंह, सुरज यादव, आजाद अली, इरशाद अली, आमीन शाह, प्रेमशीला, चंदावती, मरक्षी देवी, सुशीला खंडूजा समेत सैकड़ो लोगों ने पहुंच कर भाग लिया।
माधोटांडा इलाके में शारदा नदी में जलस्तर बढ़ने से नदी का रुख पिछले दिनों एक करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई ठोकरों की ओर है। उधर, नदी ने ठोकरोें के समीप बनाए नाले को बाढ़ खंड ने रेत से भरे कट्टे डलवाकर बंद कर दिया, लेकिन रेत नदी के समीप ऊंचे हिस्से से ली गई है। इससे लोगों में रोष है। लोगों का मानना है कि नदी में और जलस्तर बढ़ने से नदी उस ओर कटान शुरू कर सकती है।