माधोटांडा। गांव बसंतापुर में एक महिला की उसके पति ने सिर और सीने पर हथौडे़ से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद हत्यारोपी पति फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा मौके से बरामद कर शव कब्जे में लिया है। मृतका के भाई ने अपने बहनोई के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
गांव बसंतापुर नौनेर निवासी नरेंद्र सिंह करीब 22 वर्षों से अपनी पत्नी राजवीर कौर, आठ वर्षीय पुत्र इकबाल सिंह और चार वर्षीय पुत्र गुरुपाल के साथ पंजाब में रह रहे अपने मामा के घर रहता था। उसकी जमीन और मकान गांव बसंतापुर नौनेर में भी है। शनिवार को वह परिवार समेत घर लौटकर वापस आया था।
इसी थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर निवासी मृतका के भाई जसविंदर सिंह ने बताया कि पति नरेंद्र सिंह ने सुबह बहन की हथौड़े से जमकर प्रहार किए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके भांजों ने घटना की सूचना दी थी। इससे मायके में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए।
मृतका का भाई हत्या करने की वजह नहीं बता पा रहा है। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद कर शव को कब्जे में लिया है। एसओ केके बालियान ने बताया कि मृतका के भाई जसविंदर सिंह की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।