पीलीभीत। शुक्रवार की देर शाम सड़क हादसे में मारे गए दोनों युवकों की शिनाख्त हो गई है। दोनों युवक ममेरे भाई हैं। घटना के बाद से परिवार वालों में कोहराम मच गया। उधर, घायल विकास की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया है।
बता दें कि शुक्रवार की देर शाम पूरनपुर हाइवे पर थाना गजरौला क्षेत्र के तहत ग्राम बिठौरा के निकट बाइक और इंडिका कार की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उस पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। शनिवार की सुबह मृतकों की शिनाख्त हो गई है। मरने वालों में 20 वर्षीय विक्की पुत्र छत्रपाल निवासी कैंट बनबसा जिला चंपावत और उसका ममेरा भाई 21 वर्षीय सन्नी पुत्र सनोहर लाल निवासी मोहल्ला बागगुलशेर खां सदर कोतवाली हैं, जबकि घायल विकास सदर कोतवाली के मोहल्ला बागगुलशेर खां का रहने वाला है। मृतक विक्की के चाचा महेश प्रसाद ने बताया कि मृतक बनबसा स्थित बिजली घर में संविदा पर सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। विक्की शनिवार की सुबह सरकारी कागजात लेकर पीलीभीत आया था, जो अपने ममेरे भाई के सन्नी और दोस्त विकास के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से गजरौला गया था। वापस लौटते वक्त घटना घटित हो गई। मृतक विक्की चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उधर मोहल्ला बागगुलशेर खां निवासी सनी चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। घटना के बाद दोनों परिवारों में क ोहराम मच हुआ है।
सुबह सात बजे अंतिम बार हुई थी भाई से बात
मृतक विक्की के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। उसके कैनाल स्थित सिंचाई विभाग में तैनात बड़े भाई सतीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार क ो विक्की मां मालती देवी को पुश्तैनी गांव बरीबरा छोड़कर आया था। विक्की से उसकी सुबह सात बजे के करीब सेलफान पर बात हुई थी। उसके बाद कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन विक्की का सेलफोन स्विच ऑफ बता रहा था।