पीलीभीत। सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंध के बाद राज्य सरकार ने गुटका उत्पादन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इसके बावजूद भी बाजार में गुटका धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में छापामारी की। एक व्यापारी के गोदाम पर छह बोरे गगन गुटका बरामद हुआ। बरामद माल को सील कर दिया गया है। बरामद गुटके का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
शहर में पान की दुकानों, किराना दुकानों पर गुटका की बिक्री पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद भी खुलेआम हो रही है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के प्रभारी/सिटी मजिस्ट्रेट संतोष कुमार शर्मा को किसी ने बाजार में एक थोक व्यापारी के यहां गुटका बेचे जाने और भंडारण की सूचना दी। उनके निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार मिश्रा व नदीम ने पुलिस के साथ शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित अयाज ट्रेडर्स के गोदाम पर छापा मारा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को गोदाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
टीम ने गोदाम की तलाशी में छह बोरा गुटका बरामद कर लिया। बता दें कि एक बोरे में 225 पैकेट और प्रत्येक पैकेट में 70 पाउच होते हैं। प्रतिबंध से पूर्व गुटका का एक पैकेट 48 रुपये में बिक रहा था, जो अब कालाबाजारी कर 85 रुपये में बेचा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री मिश्रा ने बताया कि बरामद गुटका के बोरे सील कर दिए गए हैं। उनके नमूने लेकर लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहां से प्राप्त होने वाली रिपोर्ट के आधार पर विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
0
रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
सिटी मजिस्ट्रेट संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि शहर में गुटका बिक्री की सूचना मिली थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम को बड़ी सफलता मिली है। माल बरामदगी के साथ सैंपलिंग भी की गई है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।