पीलीभीत। रेलवे जंक्शन पर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई चेकिंग से हड़कंप मच गया। पुलिस ने यात्रियों के सामान की जांच की। गाड़ी की छत पर बैठकर यात्रा करने वालों को फटकार लगाकर नीचे उतारा। पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप
मच गया।
गत 26 मार्च से पूर्णागिरि मेला शुरू होते ही जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। इस बाबत जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोपहर एक बजे जंक्शन पहुंची पुलिस टीम को देखकर सभी सोच में पड़ गए। पुलिस जवानों ने जंक्शन पर यात्रियों के सामानों और टिकट आदि की जांच की। वहीं ट्रेन में छत और डिब्बे के दरवाजों पर लटक कर यात्रा कर रहे लोगों को कड़ी फटकार लगाकर नीचे उतारा। जंक्शन पर करीब आधे घंटे तक चले चेकिंग अभियान से सभी की सांसे अटकी रही। चेकिंग अभियान में सीओ सिटी दिनेश कुमार शर्मा, एसओ सुनगढ़ी केके यादव सहित तमाम पुलिसकर्मी आदि शामिल रहे।
उधर, मां पूर्णागिरि देवी का मेला शुरू हो गया है। मेलार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। एएसपी ने बताया कि रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेंड पर एक-एक दरोगा और चार-चार सिपाही तैनात किए गए हैं। नौगवां चौराहा, छतरी चौराहा, गौहनियां चौराहा, जय संतरी मंदिर, नकटादाना, रेलवे स्टेशन न्यूरिया और मझोला चौराहा पर चार-चार सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी हैंड सेट के साथ मौजूद रहेंगे।