नगदी, अंगूठी और सेलफोन लूटकर फ रार हुए लुटेरे
रेलवे मालगोदाम के समीप हुई घटना
पूरनपुर। चाकू की नोक पर तीन बदमाशों ने युवक से मोबाइल, पांच सौ रुपये और सोने की अंगूठी लूट ली। शोर न मचाने की धमकी देकर बदमाश भाग निकले। रेलवे मालगोदाम के निकट दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
शनिवार को गांव पजाबा निवासी सुनील कुमार की बहन पीलीभीत शहर में रहती हैं। वह बहन के घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन गए थे। सुनील ने बताया कि ट्रेन के आने में विलंब होने पर वह लघु शंका के लिए मालगोदाम के पीछे चला गया। इस दौरान पीछे से आए तीन युवकों ने उसे दबोच लिया। एक युवक ने चाकू गर्दन पर लगाते हुए शोर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने बताया कि एक बदमाश चाकू लगाए खड़ा रहा। जबकि दोनों अन्य बदमाशों ने उसकी तलाशी लेनी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान जेब में रखी पांच सौ की नगदी, एक सेलफोन और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी निकलवा ली और भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने अपने एक परिचित दुकानदार के सेलफोन से घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, दिनदहाड़े हुई इस घटना से नगरवासियों में दशहत व्याप्त है।