पीलीभीत। पालिका प्रशासन ने अभियान के तहत शुक्रवार को शहर के आठ मोहल्लों में 85 शौचालय ध्वस्त कर दिए। विरोध में नागरिकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। शौचालय की वैकल्पिक व्यवस्था न होने से लोग परेशान हैं।
ईओ हेमराज के नेतृत्व में शुक्रवार को पालिका प्रशासन ने शुष्क शौचालय ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखा। शहर के मोहल्ला फीलखाना, बेनीचौधरी, मोहम्मद फारूख, डालचंद, शेखचांद, मदीनाशाह, खैरुल्लाशाह और खुशीमल में अभियान चलाकर 85 शुष्क शौचालयों को तोड़ डाला। कई स्थानों पर लोगों की पालिका कर्मियों से तीखी झड़पें हुई। बिना नोटिस हुई तोड़फोड़ पर लोग भड़क गए। मोहल्ला शेखचांद के लोगों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में मोहम्मद जफर, गुलाम रसूल, तनवीर, शमीर, वारसी, शबीना सहित तमाम लोग थे।
0000
घरों में घुसकर तोड़े शौचालय
शेखचांद मोहल्ले की ताराबी ने कहा कि हमारे साथ ज्यादती हुई है। पालिका ने बिना नोटिस जारी किए हमारे घर के अंदर घुसकर शौचालय को तोड़ दिया गया है।
00
वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की
शौचालय टूटने से आहत रुखसाना कहती हैं कि पालिका प्रशासन को शौचालय तोड़ने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करानी चाहिए थी।
00
लोगों की तकलीफ नहीं समझती पालिका
नसीम बानो का कहना है कि पालिका सिर्फ लोगों को परेशान करना जानती है। शौचालय टूटने के बाद हम लोग कहां जाएंगे? कितनी परेशानी होगी? इससे मतलब नहीं है।
00
इस उम्र में कहां जाऊंगी
65 वर्षीय अनबाओ जान ने कहा कि इस उम्र में मुझे कितनी परेशानी होगी। पैसे जोड़कर शौचालय बनवाया था जिसे नगर पालिका ने बिना नोटिस तोड़ दिया।
------------------------