पीलीभीत। नौगवां पकड़िया के तमाम ताजिएदार मार्ग पर पेड़ लगाकर अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आए और हंगामा काटने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने पैमाइश कराने के बाद पेड़ों को कटवा दिया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
बुधवार को नौगवां पकड़िया के रहीसुद्दीन, शकील, मुजीव, छोटे, असगर, रफीक, लाल शाह समेत तमाम ग्रामीण ईदगाह के समीप इकट्ठा हो गए और हंगामा काटना लगे। इन लोगों का कहना था कि शहर निवासी व्यापारी नेता ने चकमार्ग पर कब्जा कर उसके किनारे पेड़ लगा दिए हैं। इससे जगह कम हो जाने के कारण ताजिए निकलने में कठिनाई होगी। वह पेड़ कटवाकर रास्ता साफ कराए जाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर एसओ केके यादव और लेखपाल दिगंबर प्रसाद मौके पर पहुंच गए। लेखपाल ने पैमाइश कराने के बाद पेड़ों को कटवा दिया। उधर व्यापारी नेता निजामुद्दीन अंसारी ने बताया कि पेड़ उनके खेत में लगे थे, जिन्हें लेखपाल ने जबरन कटवा दिया है। उन्होंने मामले की शिकायत डीएम से भी की है।