पीलीभीत-पूरनपुर। बाघ के हमले में किसान के मरने के बाद से आसपास के लोगों में ही नहीं वनकर्मियों में भी खासी दहशत है। सभी को बाघ के आसपास होने की आशंका सता रही है। वन रेंजर ने लोगों से सतर्क रहने के साथ ही जंगल के आसपास न आने की हिदायत दी है।
बाघ अपने शिकार को छोड़कर कैसे हटा इस सवाल को लेकर लोगों में खासी चर्चा है। रेंजर का कहना है कि किसी आहट आदि को लेकर बाघ अपना शिकार छोड़कर वहां से हटा है। उन्हें आशंका है कि बाघ आसपास ही होगा और शिकार के स्थान पर दुबारा जरूर आएगा। बाघ को लेकर लोगों और वन कर्मियों में दहशत है। इसको लेकर घटना स्थल पर जाने को वनकर्मी साहस नहीं जुटा पा रहे थे। रेंजर ने आसपास के लोगों को जंगल के करीब न आने की हिदायत दी। उन्होंने प्रधानों से जंगल के पास न आने का ढिंढोरा पिटवाने को कहा।