पीलीभीत। रामा इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति का संचालन कर रही सनातन धर्म सभा के चुनाव को उच्च न्यायालय ने अवैध ठहराते हुए निरस्त कर दिया है। सोसाइटी रजिस्ट्रार को चुनाव करवाने का आदेश दिया गया है।
प्रबंध समिति के 27 मार्च 2007 को हुए चुनाव में सूर्य प्रकाश शर्मा अध्यक्ष, गणेश चन्द्र बजाज प्रधानमंत्री, अजय कुमार सिंह उपमंत्री, रमेश चंद्र कार्य कारिणी सदस्य चुने गए थे। तीन जनवरी 2011 को श्री बजाज पक्षाघात रोग से पीड़ित हो गए। सनातन धर्म सभा की कार्यकारिणी ने उप मंत्री अजय कुमार सिंह को सर्व सम्माति से प्रधानमंत्री का कार्यभार सौंप दिया। आरोप है कि कार्यकारिणी सदस्य रमेश चन्द्र ने 10 जनवरी 2011 को बैठक कर स्वयं को कार्यवाहक प्रधनमंत्री घोषित कराया। इसके बाद 12 फरवरी 2011 को कार्यकारिणी का चुनाव कर स्वयं को सभा का प्रधानमंत्री, ईश्वरी प्रसाद मौर्य को अध्यक्ष निर्वाचित कर चुनाव संबंधी पत्र सहायक रजिस्ट्रार सोसाइटीज के यहां प्रस्तुत कर दिया। रजिस्ट्रार ने सत्यता जानने को संस्था पदाधिकारियों को नोटिस जारी किए। इस पर अध्यक्ष सहित अन्य सदस्यों ने आपत्तियां प्रस्तुत कीं। आरोप है कि सोसाइटी रजिस्ट्रार ने एक पक्षीय कार्रवाई कर रमेश चन्द्र के पक्ष में निर्णय दे दिया। सोसाइटी अध्यक्ष सूर्य प्रकाश शर्मा ने इस निर्णय के विरुद्ध उच्च न्यायालय में याचिका प्रस्तुत की। सुनवाई के बाद न्यायालय ने सोसाइटी रजिस्ट्रार के निर्णय को निरस्त कर दिया। साथ ही उन्हें चुनाव करवाने के निर्देश दिए।