बिलसंडा। नगर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केन्द्र पर नई केन्द्र व्यवस्थापक द्वारा शनिवार को प्रथम पाली की परीक्षा में गेट पर कराई गई सर्च में परीक्षार्थियों से नकल सामग्री ले लिए जाने पर एक परीक्षार्थी परीक्षा छोड़कर भाग गया। नवनियुक्त केंद्र व्यवस्थापक की सख्ती से यहां हड़कंप है।
मालूम हो कि तीन मई को डीआईओएस माया देवी द्वारा इस परीक्षा केन्द्र पर सामूहिक रूप से हो रही नकल पकड़े जाने के बाद प्रथम पाली का पेपर निरस्त कर दिए जाने के बाद से परीक्षार्थी परीक्षा तो दे रहे हैं, लेकिन सभी मायूस है क्योंकि अब उन्हें फेल होने का अंदेशा है। नकल रोकने पर सख्ती के कारण अब तमाम परीक्षार्थी बेमन से परीक्षा दे रहे हैं। उधर नई केन्द्र व्यवस्थापक द्वारा नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सख्ती भी बरती जा रही है।
पुलिस अभिरक्षा में दी परीक्षा
पुलिस की अभिरक्षा में भी एक परीक्षार्थी हर रोज इस परीक्षा केन्द्र पर पेपर देने आ रहा है। कपिल मिश्रा नाम का यह परीक्षार्थी पूरनपुर क्षेत्र का रहने वाला है और हत्या के एक मुकदमे में इस समय वह जेल में है, चूंकि वह संस्कृत विद्यालय से फार्म पहले ही भर चुका था और अब पुलिस के अभिरक्षा में परीक्षा देने आ रहा है। जब तक वह परीक्षा देता है तब तक उसकी हथकड़ी खोल दी जाती है। हालांकि दोनों पुलिसकर्मी उस पर निगरानी रखने के लिए उसके पास ही बैठते हैं।