पीलीभीत। रूहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा संपन्न कराने के लिए बुधवार को उपाधि महाविद्यालय प्रशासन को दो अन्य कॉलेज भवनों की मदद लेनी पड़ी। कुलपति ने परीक्षाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महाविद्यालय में बुधवार को बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष की पर्यावरण विषय की परीक्षा थी। प्रथम वर्ष की परीक्षा के लिए 4500 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इतने परीक्षार्थियों को महाविद्यालय में बैठाने का स्थान नहीं है। महाविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा संपन्न कराने के लिए रामा इंटर कॉलेज और अवंतीबाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज की मदद ली। प्रथम पाली में 2103 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। बाकी परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। बीए प्रथम वर्ष हिंदी साहित्य की परीक्षा के लिए पंजीकृत 1036 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1004 ने परीक्षा दी। 32 गैर हाजिर रहे। बीए द्वितीय वर्ष की पर्यावरण विषय की परीक्षा में 345 परीक्षार्थी सम्मलित हुए। प्राचार्य डॉ. पीके सिंह ने बताया कि पर्यावरण विषय की परीक्षा तीन वर्षो में से किसी एक वर्ष में देनी होती है। इसलिए काफी परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इधर कुलपति मोहम्मद मुजम्मिल ने परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महाविद्यालय के स्टाफ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने कॉलेज स्टाफ के समक्ष आ रही दिक्कतों से उन्हें अवगत कराया।
0000
शांतिपूर्वक चल रही परीक्षाएं
बीसलपुर। राजकीय महाविद्यालय में विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शांतिपूर्वक चल रही हैं। यह जानकारी प्राचार्य डॉ. एनबी खान ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन परीक्षा से पूर्व महाविद्यालय गेट पर आंतरिक सचल दल द्वारा सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाती है। परीक्षा कक्षों के भीतर संदिग्ध परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाती है। वहीं परीक्षा प्रभारी डॉ. आरसी वाजपेई ने बताया कि अब तक कोई भी परीक्षार्थी नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से महाविद्यालय गेट पर पुलिस बल तैनात किए गए है।