बीसलपुर (नेटवर्क)। मीटर रीडर पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपये ठग लिए गए। रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव शीतलपुर निवासी बलजिंदर सिंह से कुछ जालसाजों ने विद्युत विभाग में मीटर रीडर के पद पर नौकरी दिलवाने का लालच देकर 20 फरवरी को ढाई लाख रुपये ठग लिए थे। जालसाजों ने बलजिंदर सिंह से यह धनराशि बीसलपुर के मोहल्ला छेदालाल कॉलोनी के एक घर में ली थी। काफी समय बीत जाने पर भी जब जालसाजों ने उसकी नौकरी नहीं लगवाई, तब उसने जालसाजों से अपने पैसे मांगे। जालसाजों ने उससे गाली गलौज किया और जान से मारने की धमकी दी। बलजिंदर ने उसी समय कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, तब उसने एसपी जितेंद्र प्रताप सिंह को इस संबंध में शिकायती पत्र दिया। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आज रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट में रामपुर के हरिओम उर्फ अभय कुमार, उसकी पत्नी चांदनी और सोरन सिंह सैनी को नामजद किया गया है।