पीलीभीत। पखवाड़े भर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट पाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा एक पिता बुधवार को खेतिहर मजदूर सभा के साथ धरने पर बैठ गया। उसने सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन देकर बेटे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट दिलाए जाने की गुहार लगाई है।
मालूम हो कि बरखेड़ा कस्बे के वार्ड संख्या तीन निवासी ओमप्रकाश के 15 वर्षीय बेटे दिनेश कुमार का शव 26 अप्रैल को थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के तहत डिग्री कॉलेज के पीछे एक तालाब में मिला था। पुलिस ने पिता की तहरीर पर उसके ही दो दोस्तों दीप्ति और जितेंद्र कुमार पर हत्या कर शव फेे के जाने की नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। ओमप्रकाश अपने किशोर बेटे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पाने के लिए कई रोज थाना, पोस्टमार्टम हाउस से लेकर जिला अस्पताल के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे रिपोर्ट नहीं दी जा रही है। उसका कहना है कि सभी पुलिस और डॉक्टर सभी रपोर्ट ढूंढकर देने की बात कह उसे टरका रहे हैं। बुधवार को वह थक हार कर खेतिहर मजदूर सभा के साथ धरने पर बैठ गया। ओमप्रकाश ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट दिलाए जाने की मांग की है।