पीलीभीत। यातायात माह के तहत वाहन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने चार दरोगा, तीन हेड कांस्टेबल प्रोन्नत समेत 16 पुलिसकर्मियों की बाइकों का चालान किया। इस दौरान चालान होने से नाराज बिलसंडा थाने के एक एचसीपी ने टीएसआई को खूब खरीखोटी सुनाई। मामले की जानकारी होने पर एसपी ने टीएसआई से रिपोर्ट तलब की है।
यातायात माह के दौरान प्रदेश पुलिस मुख्यालय से आए आदेश के क्रम में एसपी ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले सिपाहियों का चालान करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को टीएसआई भुवनेश कुमार गौतम नकटादाना चौराहा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान बिलसंडा थाने पर तैनात एक एचसीपी हेलमेट न होने पर किए गए चालान पर नाराज हो गया। एचसीपी ने टीएसआई को खूब भला भुरा कहा। मामले की जानकारी जब एसपी को हुई तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया है। एसपी सोनिया सिंह ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने चार दरोगा, तीन एचसीपी और 16 पुलिसकर्मियों का हेलमेट न होने पर चालान किया है। टीएसआई से मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी को अर्दली रूम में बुलाकर दंडित किया जाएगा। प्रेस लिखे वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी।