बीसलपुर। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने मंगलवार को एसडीएम एपी श्रीवास्तव के साथ मंडी परिसर में राजकीय धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जहां एक केंद्र बंद मिला।
भाजपा विधायक को मंडी परिसर में विपणन विभाग का राजकीय धान क्रय केंद्र खुला मिला व वहां व्यवस्थाएं भी ठीक मिलीं। क्रय केंद्र प्रभारी उपेंद्र गंगवार भी मिले लेकिन क्रय केंद्र पर धान खरीद होना नहीं पाया गया। केंद्र परिसर में चार किसानों का धान सूखता हुआ मिला। केंद्र प्रभारी ने बताया कि सूख जाने के बाद धान तौल लिया जाएगा। विधायक को पीसीएफ का राजकीय धान क्रय केंद्र बंद मिला। पूछने पर मंडी सचिव मलखान सिंह ने बताया कि केंद्र प्रभारी मगन लाल का 12 अक्तूबर को निधन हो गया था और अभी तक नए केंद्र प्रभारी की नियुक्ति नहीं हुई है। विधायक द्वारा पूछने पर मंडी सचिव ने बताया कि पूरे तहसील क्षेत्र में विभिन्न एजेंसियों के 13 राजकीय क्रय केंद्र संचालित हैं, लेकिन अभी तक किसी भी केंद्र पर धान की खरीद शुरू नहीं हो पाई है। विधायक ने एसडीएम और मंडी सचिव को सभी केंद्रों पर धान की खरीद तत्काल शुरू कराने को कहा है।