माधोटांडा। पटाखे की चिंगारी से बाजार में लगी आतिशबाजी की दुकानों में आग लग गई। लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग से दुकानों का 20 हजार रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
थाना क्षेत्र के लगभग सभी गांव कस्बों में बिना लाइसेंस के आतिशबाजी की बिक्री हुई। ग्राम रमनगरा के बाजार में गुरुवार को लगाई गई अस्थाई दुकानों के पड़ोस में एक युवक पटाख छुड़ा रहा था। पटाखे की चिंगारी समीर की दुकान में जा गिरी जिससे वहां रखी आतिशबाजी जलने लगी। जब तक इस आग पर काबू पाया जाता तब तक पड़ोस में तपन की दुकान के पटाखे भी जलने लगे।
बीच बाजार हुई घटना से अफरा तफरी मच गई। लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। सूचना पर चौकी पुलिस भी पहुंच गई। समीर और तपन ने बताया आग से उसका 20 हजार रुपये का सामान नष्ट हो गया। वहीं एसओ केपी सिंह ने बताया घटना रिपोर्टिंग चौकी रमनगरा क्षेत्र में है। आतिशबाजी का लाइसेंस था या नहीं उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
000
पटाखा जलाते दो किशोर झुलसे
पूरनपुर। गांव सुआबोझ के लालता प्रसाद का दस वर्षीय पुत्र प्रेमपाल शुक्रवार को अधजले पटाखों की बारूद निकालकर जलाने का प्रयास कर रहा था। बारूद के जलकर उड़ने से प्रेमपाल का चेहरा और हाथ झुलस गया। उसेको सीएचसी लाया गया।
घुंघचाई। गांव सिमरिया निवासी प्यारे लाल का 13 वर्षीय पुत्र विपिन दीपावली पर्व पर पटाखे जला रहा था। पटाखा अचानक दगने से विपिन झुलस गया। झुलसे किशोर को गांव के एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां इलाज कराया गया।