एसपी के निर्देश पर सीओ और एसओ कलीनगर पहुंचे
दो माह पूर्व दर्ज हो चुका है दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा। कस्बा कलीनगर में बहनोई के यहां रह रही एक विवाहिता को तमंचे के बल पर उठाने की सूचना से हड़कंप मच गया। एसपी के निर्देश पर सीओ और एसओ आधी रात को ही कलीनगर जा धमके। पुलिस ने अभी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
पूरनपुर ब्लाक के उदयपुरखुर्द के विपिन की बहिन संगीता की शादी कलीनगर निवासी रामआसरे के पुत्र पवन के साथ करीब ढाई साल पहले हुई थी। आरोप है कि पति समेत अन्य ससुरालीजन संगीता को यातनाएं देते हैं। करीब दो माह पूर्व माधोटांडा थाने में संगीता की ओर से दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बाद से ही संगीता अपने छोटे भाई के साथ कलीनगर निवासी अपने बहनोई रामऔतार के यहां रह रही थी। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे पवन पांडेय और उसका बहनोई सियाराम पांडेय रामऔतार के यहां पहुंचे। आरोप है कि तमंचे के बल पर दोनों संगीता को उठा ले गए। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिस पर रामऔतार अपने परिवार वालों के साथ रात को ही एसपी से मिले। एसपी ने सीओ और एसओ को मौके पर जाने के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस पर दोनों अधिकारी रात को ही कलीनगर पहुंचे और पवन के बहनोई सियाराम पांडेय को हिरासत में ले लिया। रविवार सुबह पवन के पिता रामआसरे ने थाने पहुंचकर रामऔतार पर संगीता को जबरन घर में रखने और गर्भपात कराने का आरोप लगाया। हालांकि अभी तक दोनों पक्ष थाने में ही मौजूद हैं और कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। एसओ ने बताया कि अधिकारियों के दिशा निर्देश पर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।