पीलीभीत। स्टाफ की कमी का फायदा उठाकर ग्राम पंचायत अधिकारी किस तरह मनमानी कर रहे हैं। इसका एक नमूना सामने आया है। कार्यमुक्त होने के बाद भी एक ग्राम पंचायत अधिकारी ने ग्राम निधि के खाते से 1.69 रुपया निकाल लिया। जांच में मामला सही मिलने पर डीपीआरओ ने उसे निलंबित कर दिया है।
बीसलपुर विकास खंड में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी मुन्ना लाल की तैनाती यहां से पूर्व बिलसंडा ब्लाक में थी। शिकायत मिलने पर 31 जुलाई को उनका स्थानांतरण बिलसंडा से बीसलपुर करके कार्य मुक्त किया गया था। उन्होंने कार्य मुक्त होने के बाद भी ढकिया जलालपुर ग्राम पंचायत की निधि से अलग-अलग समय में 1.69 रुपया निकाल लिया। इसकी शिकायत पर हुई जांच में आरोप सही पाए गए। इस पर डीपीआरओ ने उन्हें नोटिस दिया लेकिन ग्राम पंचायत अधिकारी ने उसका जवाब भी नहीं दिया। इस पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया। डीपीआरओ बीपी सक्सेना ने बताया कि निलंबन के दौरान वह ब्लाक मुख्यालय से सम्बद्ध रहेंगे और मामले की जांच जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को सौंपी गई है।