बीसलपुर। लेखपालों की लापरवाही के कारण तहसील क्षेत्र के 924 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया अब तक नहीं हो सकी। इस वजह से ये किसान कृषि विभाग से संबंधित सुविधाओं से वंचित हो गए।
उप संभाग कृषि प्रसार अधिकारी के कार्यालय के अभिलेखों के अनुसार, तहसील क्षेत्र के नगर के अलावा विभिन्न गांवों के 924 किसानों के आवेदन पत्रों पर क्षेत्रीय लेखपालों ने रिपोर्ट नहीं लगाई। इस कारण उन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं बन पा रही है। आवेदन पत्रों को कृषि विभाग के कर्मचारियों ने तो अपनी रिपोर्ट लगाकर तहसील कार्यालय में सही समय पर भेज दी थी। किसानों के आवेदन पत्र तहसील कार्यालय में पिछले लगभग एक माह से लंबित पड़े हैं। फार्मर रजिस्ट्री न हो पाने के कारण किसानों को खाद, बीज और प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि नहीं मिल पा रही है। वंचित किसान अपने आवेदन पत्रों पर लेखपालों की रिपोर्ट लगवाने के लिए चक्कर लगा रहे हैं।
,,,,,,,,,,,,,
इन स्थानों के किसानों के आवेदन लंबित
बीसलपुर नगर ,बिलसंडा कस्बा, बरखेड़ा कस्बा, दियोरिया, मीरपुर वाहनपुर, रसाया खानपुर, दौलतपुर हीरा, बिहारीपुर कुमिरखा,बमरोली, बिहारीपुर हीरा, ज्योरहा कल्याणपुर, दौलत पुर पट्टी, पैनीया राम किशन, मधवापुर, नौगवां संतोष, ईंट गांव, मानपुर, अमृताखास, नवदिया सितारगंज, करेली, खनंका।
दो दिन पूर्व उपनिदेशक ने भेजा था पत्र
कृषि विभाग के सूत्रों के अनुसार, दो दिन पूर्व पीलीभीत के उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह परिहार ने तहसील कार्यालय में पत्र भेजकर लेखपालों से लंबित आवेदन पत्रों पर अति शीघ्र रिपोर्ट लगाने को कहा है।
वर्जन
मेरी जानकारी में तहसील कार्यालय में इस तरह का कोई भी प्रार्थना पत्र लंबित नहीं है। फिर भी जानकारी की जाएगी। अगर प्रार्थना पत्र लंबित पड़े होंगे, तो उनका तत्काल निस्तारण कराया जाएगा।
-नागेंद्र पांडेय, एसडीएम, बीसलपुर