न्यूरिया। पांच साल में जमा रकम दोगुनी करने का लालच देकर 90 हजार रुपये की सावधि जमा कराने और मियाद पूरी होने के बाद भी भुगतान न करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कंपनी के अभिकर्ता, प्रबंधक और निदेशक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना न्यूरिया क्षेत्र के गांव न्यूरिया खुर्द शिवपुरिया पंडरी निवासी राकेश कुमार के अनुसार, वर्ष 2017 में अभिकर्ता संजीव शर्मा ने उन्हें कंपनी की योजना के बारे में बताकर पांच साल में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया था। उसके झांसे में आकर राकेश ने अपने रिश्तेदार जगदीश के माध्यम से 31 जुलाई 2017 को 90 हजार रुपये की सावधि जमा कराई थी। इसके एवज में 30-30 हजार रुपये की तीन रसीदें दी गई थीं। जमा धनराशि की मियाद 31 जुलाई 2022 को पूरी होनी थी। आरोप है कि मियाद पूरी होने के बाद जब राकेश ने रकम मांगी तो अभिकर्ता लगातार टालमटोल करता रहा। कंपनी के बरेली स्थित कार्यालय के पते पर पहुंचने पर वहां कोई कार्यालय नहीं मिला। पीड़ित के मुताबिक, 25 जून 2026 को गांव में अभिकर्ता से दोबारा रकम मांगने पर उसने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। अपनी जमा पूंजी वापस पाने के लिए पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।