अल्पसंख्यक विभाग में शादी अनुदान के आवेदन करने वालों के लिए अच्छी खबर है। शासन ने जिले को 83.40 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई है। इससे 417 आवेदकों को लाभ मिलेगा जबकि 78 को अभी भी इंतजार करना होगा।
गरीब परिवार की बेटियों के विवाह के लिए शासन से 20 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। इसमें अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग एवं समाज कल्याण विभाग से आवेदन किए जाते हैं। चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण अनुदान की धनराशि प्राप्त नहीं हो पा रही थी। अब चुनाव खत्म होते ही शासन ने धनराशि जारी कर दी है। इसमें अल्पसंख्यक विभाग को शासन से 83.40 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। शासन से प्राप्त यह धनराशि संबंधित लोगों के खातों में भेजी जा रही है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व में 545 आवेदकों के लिए 108.60 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। अब 417 आवेदकों के लिए 83.40 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। इन धनराशि के बाद भी 78 आवेदक अभी भी शेष रह गए हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन हो गई है इसलिए आवेदकों की संख्या बढ़ भी सकती है।