16 पीबीटीपी 11
मंडलायुक्त के निरीक्षण में खुली अव्यवस्थाओं की पोल
धान खरीद की स्थिति मिली बदतर, नमी मापक यंत्र भी थे खराब
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। मंडलायुक्त ने शुक्रवार को मंडी परिसर के चार धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में धान खरीद की स्थिति खराब मिलने व नमी मापक खराब मिलने पर नाराजगी जताई। मौके पर ही अधिकारियों को धान खरीद बढ़ाने व व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए है।
शुक्रवार सुबह मंडी पहुंचे ही सबसे पहले मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों पर धान संबंधी अभिलेख देखे। जिसमें आरएफसी के प्रथम केंद्र पर 49 क्विंटल, आरएफसी के दूसरे केंद्र पर 5600 क्विंटल एसएफसी के केंद्र पर 2600 क्विंटल और पीसीएफ के केंद्र पर 430 क्विंटल धान की खरीद मिली। लक्ष्य के सापेक्ष धान की खरीद केवल 10 प्रतिशत थी। इस पर उन्होंने केंद्र प्रभारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए धान खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। धान लेकर पहुंचे जसाई नगर निवासी महताब सिंह और गांव फिरसाहा निवासी जसविंदर सिंह से समस्याएं पूछी, लेकिन किसी ने कोई समस्या नहीं बताई। मंडलायुक्त ने अफसरों से दो टूक कहा कि क्रय केंद्रों पर बिचौलियों के माध्यम से किसी भी हालत मेें धान की तौल नहीं होनी चाहिए। जांच में एसएफसी के केंद्र पर रखा नमी मापक यंत्र भी खराब मिला। निरीक्षण के दौरान बरेली मंडल के आरएफसी राममूर्ति लाल, मंडी उपनिदेशक एमसी गंगवार, एसडीएम वंदना त्रिवेदी, मंडी सचिव चंद्र राज प्रदीप, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी कौशल किशोर, सीओ प्रवीन मलिक, कोतवाल अजब सिंह, मंडी निरीक्षक रामौतार आदि मौजूद रहे।