खेकड़ा (बागपत)। खेकड़ा का लाल सत्यम धामा शनिवार को विधिवत भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट तैनात हो गया। इंडियन मिलिट्री एकेडमी देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड में अभिभावकों ने युवा सैन्य अधिकारी के कंधे पर स्टार लगाए।
नगर के मोहल्ला रामपुर निवासी एवं नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन विनोद धामा के पुत्र सत्यम धामा का चयन इंडियन आर्मी में हो गया । तीन वर्ष नेशनल डिफेंस एकेडमी खड़कवासला, पूना में ट्रेनिंग के बाद एक वर्ष इंडियन मिलिट्री एकेडमी में ट्रेनिंग पूरी की। शनिवार को देहरादून में पासिंग आउट परेड के बाद सत्यम धामा के पिता विनोद धामा और मां सुमन धामा ने उनके कंधे पर स्टार लगाए। सत्यम धामा ने लेफ्टिनेंट बनकर परिवार एवं जनपद का नाम रोशन किया। सत्यम के घर दिन भर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
गांव का पहला बेटा बना सेना में अफसर
देहरादून। उत्तर प्रदेश के बागपत के भूड़पुर का पहला बेटा निशांत तोमर सेना में अधिकारी बन गया है। शनिवार को हुई भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड से वह पासआउट हुए। इन गौरवशाली लम्हों के साक्षी बनने के लिए उनके परिजन भी आईएमए में मौजूद रहे। निशांत ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी करने के बाद सीडीएस परीक्षा पास कर आईएमए में एंट्री पाई। उनके पिता योगेंद्र सिंह यूपी पुलिस में कार्यरत हैं जबकि मां कमलेश देवी गृहिणी हैं। उन्होंने बताया कि उनका बचपन से ही सेना में जाने का सपना था जो कि शनिवार को पूरा हो गया। निशांत के परिवार में इस कामयाबी पर खुशी की लहर है। इसके अलावा जनपद बागपत का ही दीपक चौहान सेना में अधिकारी बन गया है।
(अधिक जानकारी के लिए- 8171420204 पर कॉल कर सकते हैं।)