पीलीभीत। बीसलपुर-पीलीभीत रोड पर जसोली परसिया गांव के बीच ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से घायल हुए मैजिक सवार मजदूर नौगवां नवीनगर निवासी रामऔतार की मौत हो गई। देर शाम इलाज के दौरान उसने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार दोपहर को बीसलपुर-पीलीभीत रोड पर जसोली और परसिया गांव के बीच पुलिया के पास टाटा मैजिक की ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर हो गई थी। हादसे में नौ लोग घायल हो गए थे, जिनको गंभीर हालत में सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भर्ती कराया गया था। घायल दियोरियाकलां के नौगवां नवीनगर निवासी 35 वर्षीय रामऔतार पुत्र होरीलाल की इलाज के दौरान देर शाम मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों से जानकारी कर सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ससुराल जाने को निकले थे रामऔतार
मृतक रामऔतार मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उसके चार बच्चे धर्मवीर (14), शिशुपाल (11), धीरज (9) और नेहा (6) हैं। उनकी मौत के बाद से पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार पर और संकट की स्थिति बन गई है। पत्नी सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद लोगों ने बताया कि रामऔतार रविवार को अपनी ससुराल बरखेड़ा के गाजीपुर कुंडा गांव जाने को निकले थे और हादसे में मौत हो गई। शाम को ससुराल से उनके न पहुंचने की सूचना पर परिवार वालों ने तलाश शुरू कर दी। हाईवे पर हुए हादसे का पता लगने पर भाई विनोद ने अपने साढ़ पीलीभीत निवासी हरिशंकर को जानकारी दी। इस पर हरिशंकर ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा है।