टाइगर रिजर्व में 15 नवंबर से शुरू हो रहे पर्यटन सीजन के लिए विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार चूका स्पॉट एवं इसके वाहनों का संचालन वन निगम के हाथों रहेगा। निजी वाहनों से पहुंचने वालों को मुस्तफाबाद में अपने वाहन छोड़ने होंगे। जहां से विभागीय वाहनों के माध्यम से जंगल की सैर का लुत्फ उठाया जा सकेगा।
साढ़े तीन वर्ष पूर्व घोषित हुए टाइगर रिजर्व में चूका स्पॉट सहित कई स्थल पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। 15 नवंबर को भी पर्यटन सीजन प्रारंभ होगा। विभिन्न स्थानों से आने वाले पर्यटक जंगल घूमने के साथ ही चूका स्पॉट का लुत्फ उठाते हैं। गत सीजन तक पर्यटक विभागीय वाहनों के साथ निजी वाहनों से भी जंगल की सैर करते थे लेकिन इस बार टाइगर रिजर्व प्रशासन ने इसमें बदलाव किया है। वन संरक्षक वीके सिंह ने बताया कि चूका स्पॉट पर इस बार निजी वाहनों को अब प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे वाहनों को मुस्तफाबाद में रोका जाएगा। यहां से वन विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही विशेष वाहनों के माध्यम से चूका स्पॉट भेजा जाएगा।