पूरनपुर (पीलीभीत)। कक्षा आठ पास बच्चों की सूची न देने वाले मान्यता प्राप्त 39 स्कूलों को खंड शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी कर शीघ्र बच्चों की सूची देने की चेतावनी दी है। बच्चों की सूची न मिलने से उनका विवरण फीड नहीं हो पा रहा है। अब शीघ्र ही बच्चों की सूची न देने पर स्कूलों की मान्यता समाप्त कराने की संस्तुति बीएसए से की जाएगी। नोटिस मिलने पर स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायन ने बताया कि मान्यता प्राप्त स्कूल संचालकों से कक्षा आठ पास के विद्यार्थियों की सूची मांगी गई थी, ताकि अफसरों के आदेश पर उक्त बच्चों की संख्या टीएमएस साफ्टवेयर पर लोड कराई जा सके। इससे कक्षा आठ पास करने वाले कितने विद्यार्थी अगली कक्षाओं में शिक्षा ले रहे हैं और कितनों ने कक्षा आठ के बाद शिक्षा ग्रहण करनी छोड़ दी की जानकारी हो सके। जिससे कक्षा आठ के बाद घर बैठने वाले विद्यार्थियों को अगली कक्षाओं में प्रवेश के लिए प्रेरित किया जा सके, लेकिन क्षेत्र के 39 मान्यता प्राप्त स्कूल संचालकों ने अब तक ऐसे उक्त विद्यार्थियों की सूची नहीं दी। इससे सूचनाओं को अपडेट नहीं किया जा सका। अब उक्त स्कूल संचालकों को नोटिस दिया गया है। शीघ्र ही सूचना न देने पर उक्त स्कूलों की मान्यता रद कराने को बीएसए से संस्तुति की जाएगी।
000000
बच्चों के आधार कार्ड बनाने को लगेंगे कैंप
पूरनपुर। खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीनारायन ने बताया कि सभी के आधार कार्ड बनवाने के आदेश हैं, ताकि आधार कार्ड से मिलने वाली विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि परिषदीय स्कलों में अध्ययनरत बच्चों के आधार कार्ड बनवाने को शिविर लगाए जाएंगे। शिविर कसगंजा, घुंघचाई, सबलपुर, पिपरिया दुलई, धर्मापुर, जटपुरा, भगवंतापुर, रघुनाथपुर, माधोटांडा, रंपुरा फकीरे, शाहगढ़, चांदूपुर, शिवनगर, जमुनिया, कलीनगर, गुलड़िया भूपसिंह, महुआगुंदे, चतीपुर, रायपुर बिचपुरी, जोगराजपुर में लगेगा। शिविर लगाने की तिथि शीघ्र ही तय की जाएगी।
--
शतप्रतिशत बंद नहीं कराए जा सके बगैर मान्यता वाले स्कूल
पूरनपुर। बगैर मान्यता के चल रहे 93 स्कूलों में अब तक मात्र 34 स्कूलों को बंद कराया जा सका। 42 गैर मान्यता के स्कूलों का क्षेत्र में अब भी संचालन हो रहा है। बगैर मान्यता के संचालित स्कूल संचालकों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई होगी।
क्षेत्र में बगैर मान्यता के चल रहे 93 स्कूलों की सूची डीएम कार्यालय से भेजी गई थी। साथ ही उक्त स्कूलों को बंद कराने और स्कूल संचालकों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक शत प्रतिशत बगैर मान्यता के चल रहे स्कूलों को बंद नहीं कराया जा सका है। खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायन ने बताया कि 93 स्कूलों में 34 स्कूलों को बंद करवा दिया गया। बगैर मान्यता के चल रहे शेष स्कूलों को भी शीघ्र बंद करवा दिया जाएगा। साथ ही स्कूल अब तक न बंद करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
--