पीलीभीत। जिले की खस्ताहाल सड़कों की सूरत बदलने के लिए उम्मीद जागी है। माननीय की तब्बजो और प्रशासन की दिलचस्पी के बाद पीडब्ल्यूडी ने जिले भर की 132 सड़कों की दुर्दशा सुधारने के लिए 729.88 करोड़ की लागत का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। इसमें सर्वाधिक सड़कें पीलीभीत और पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र में शामिल हैं।
बांसुरी नगरी के रूप में पहचान बना चुके जनपद की सूरत बदलने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की दिलचस्पी के बाद चौराहों को सौंदर्यीकरण कर सजाया गया। जर्जर हो चुके पार्कों के अलावा अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया गया, लेकिन सड़कों की जर्जर स्थिति दूर नहीं हो सकी थी। पीलीभीत सदर के अलावा जिले भर में मुख्य मार्गों के अलावा अन्य लिंक मार्ग की हालत लंबे समय से खस्ताहाल थी। लोग हिचकोले खाकर सड़कों से गुजरने पर मजबूर थे। गहरे गड्ढे होने से हादसों में भी लगातार इजाफा होने लगा। चोटिल होने के साथ कई लोग जान भी गवां रहे थे।
इधर जर्जर सड़कों की स्थिति को सुधारने की मांग तेज हुई। लोगों की परेशानी और क्षेत्र की सूरत बदलने के लिए माननीयों भी गंभीर हुए। क्षेत्र में जर्जर हो चुकी सड़कों की सूची तैयार कर पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंपी गई। विभाग ने सूची के आधार पर मार्गों का चिह्नित करने के साथ सर्वे किया। इसके बाद प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।
24 मार्गों का होगा चौड़ीकरण
विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में जिले भर में 219 किलोमीटर लंबाई के 24 मार्गों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसमें पीलीभीत सदर क्षेत्र में 62 किलोमीटर लंबाई के आठ मार्गों पर कार्य कराया जाएगा। बरखेड़ा क्षेत्र में 56 किलोमीटर लंबाई के छह मार्गों की सूरत बदली जाएगी। पूरनपूर क्षेत्र में 78 किलोमीटर लंबाई के सात मार्गों को चौड़ा करने का कार्य शामिल है। बीसलपुर क्षेत्र में 21 किलोमीटर के तीन मार्गों पर कार्य किया जाएगा। करीब 542,34 करोड़ का बजट तैयार किया गया है।
जर्जर हो चुकी 117 सड़कों का होगा नवनिर्माण
जिलेभर में जर्जर हो चुकी 117 सड़कों का नवनिर्माण के कराने के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। इसमें पीलीभीत क्षेत्र में 36 सड़कें, बरखेड़ा क्षेत्र में 35 सड़कें, पूरनपुर क्षेत्र में 46 सड़कों के अलावा बीसलपुर क्षेत्र की 36 सड़के शामिल हैं। 187.54 करोड़ का बजट लगेगा।
टकनपुर हाईवे का काम हुआ शुरू
टनकपुर हाईवे काफी समय से जर्जर था। कई जगह गहरे गड्ढे हो गए थे। इसको बनाने को ठेका काफी समय पहले ही हो चुका था, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। अब इससे बनाने का कार्य शुरू हो गया है। शहर के अंदर से गुजरने वाली सड़क बन गई है। ये सड़क उत्तराखंड को जोड़ती है। जिसकी लंबाई करीब 74 किलोमीटर है।
132 सड़कों का प्रस्ताव शासन को भेजा है। स्वीकृति मिलते ही इनका कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसमें जर्जर सड़कें और कुछ नई सड़कें बनाने का प्रस्ताव शामिल है।
- उदय नारायण, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी
कलीनगर से शाहगढ़ जाने वाली सड़क हुई जर्जर। संवाद- फोटो : PILIBHIT