जराकोठी(पीलीभीत)। गजरौला क्षेत्र में आबादी के निकट बाघ की चहलकदमी लगातार जारी है। शनिवार रात जंगल से बाहर निकला बाघ गजरौला क्षेत्र के जराकोठी गांव की सीमा में पहुंच गया। रविवार सुबह गांव निवासी किसान सतवीर सिंह की नजर बाघ के पगचिह्न पर पड़ी तो दहशत फैल गई।
माला रेंज के जंगल से बाहर निकलकर गजरौला क्षेत्र की आबादी के निकट चहलकदमी कर रहे बाघों की दहशत लगातार कायम है। यहां आधा दर्जन गांव की सीमा क्षेत्र में बाघ की लगातार मौजूदगी बनी हुई है। शनिवार शाम जंगल से बाहर निकला बाघ क्षेत्र के जराकोठी गांव की सीमा में पहुंच गया। यहां किसान सतवीर के फार्म हाउस के निकट तक बाघ ने चहलकदमी की। रविवार सुबह फार्म हाउस के बाहर निकले किसान की खेत में बने बाघ के पगचिह्नों पर नजर पड़ी तो दहशत फैल गई। किसान की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। हालांकि मामले की सूचना वन विभाग को नहीं दी गई। इसके अलावा क्षेत्र के असम हाइवे के निकट निगोही ब्रांच नहर की पटरी पर भी बाघ के पगचिह्न मिले है।