शारदा पार हाथियों का आतंक, विभाग चिंतित
ढकिया ताल्लुके महाराजपुर में किसानों की फसलें रौंद रहे हाथी, वनकर्मी निगरानी में जुटे
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा (पीलीभीत)। सीमावर्ती क्षेत्र में एक सप्ताह बाद नेपाल की ओर से वापस लौटे हाथियों का आतंक रविवार रात भी जारी रहा। देर रात जंगल से बाहर निकले हाथियों ने गोरख डिब्बी और लग्गा भग्गा क्षेत्र में खूब तांडव मचाया। हाथियों की आमद के बाद टाइगर रिजर्व प्रशासन भी चिंतित हुआ है। जिसके बाद वनकर्मी निगरानी में जुट गए हैं।
शारदा नदी के पार नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी से तीन दिन पूर्व दो हाथी भारतीय क्षेत्र की ओर आ गए हैं। बराही रेंज के लग्गा भग्गा के जंगल से बाहर निकलकर हाथी लगातार आतंक मचाए हैं। जिसके चलते जंगल सीमा से सटे किसानों में दहशत का माहौल है। शनिवार रात चार किसानों के रखवाली के लिए डाले गए झालों को हाथियों ने नष्ट कर दिया था। यह सिलसिला रविवार रात भी जारी रहा। देर रात के बाद जंगल से बाहर निकलकर हाथी सीमा से सटे ढकिया ताल्लुके महाराजपुर पहुंच गए। यहां हाथी काफी देर तक किसानों की फसलों को रौंदने के बाद हाथी लग्गा भग्गा क्षेत्र में वन विभाग की चौकी के पास पहुंच गए। यहां भी हाथियों ने तांडव मचाना शुरू कर दिया। चौकी पर मौजूद वनकर्मियों ने उत्पात बढ़ता देख दूरभाष पर इसकी जानकारी नौजल्हा वन चौकी पर दी। हालांकि शोरशराबा और पीपे बजाने के बाद हाथी वहां से आगे की ओर चले गए। इधर, सोमवार सुबह नौजल्हा वन चौकी के डिप्टी रेंजर गिरीश कुमार वनकर्मियों के साथ शारदा पार पहुंचे। वनकर्मियों ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद काफी दूर तक पैदल गश्त की। डिप्टी रेंजर गिरीश कुमार ने बताया कि हाथियों की दस्तक को देखते हुए सोमवार को जंगल सीमा तक गश्त की गई। इसके अलावा ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील के साथ पीपे और पटाखों का प्रयोग कर हाथियों को खदेड़ने की सलाह दी गई है।