पीलीभीत। प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ में पीलीभीत डिपो से 70 बसें भेजी जाएंगी। यह बसें तीन चरणों में जाएंगी। बसों के जाने पर यात्रियों को कोई समस्या न हो, निगम ने इसकी रणनीति तैयार की है। अधिकारियों ने भी इस पर सहमति जताई है।
स्थानीय डिपो से 102 बसों का संचालन विभिन्न मार्गों के लिए किया जा रहा है। प्रयागराज में होने वाले कुंभ को लेकर उच्चाधिकारियों ने यहां से 70 बसों की मांग की है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बसों के कुंभ में जाने से जिले की परिवहन व्यवस्था धड़ाम हो सकती है। इसको लेकर लंबे समय से मंथन किया जा रहा था।
स्थानीय अधिकारियों ने यहां की बसों की संख्या व यात्रियों को आवागमन समेत कई बातों की जानकारी दी। अब बसों को तीन चरणों में भेजे जाने के व्यवस्था की गई है। पहले चरण में 14 जनवरी को करीब 20 बसों को महाकुंभ में भेजा जाएगा। बाद में दूसरे और तीसरे चरण में इन बसों को भेजा जाएगा।
परिवहन निगम के अधिकारियों का दावा है कि इससे स्थानीय सहित अन्य मार्गों पर यात्रियों को दिक्कत नहीं होगी। एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मांगी गई बसों को तीन चरणों में यहां से भेजा जाएगा। जिससे अन्य यात्रियों को कोई दिक्कत न हो।