पीलीभीत। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत नो-मैपिंग और अन्य कारणों से मतदाताओं को भेजी गई नोटिस पर सुनवाई पूरी हो गई। मतदाता सूची से 6620 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जिले में 2.40 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। अब सूची को अपडेट करने का काम शुरू होगा। इसकी रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजी गई है।
27 अक्तूबर से छह मार्च तक चले प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में नो मैपिंग के 67,634 मतदाताओं को नोटिस जारी हुए थे। बाद में अन्य कमियों पर 1,72,388 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। इस तरह जिले में कुल 2,40,022 मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया। इनमें नाम में गड़बड़ी, सरनेम में कमी, एक ही पिता की छह संतान, माता-पिता से उम्र के अंतर 15 वर्ष या 50 वर्ष आदि कारण शामिल थे। साक्ष्य और मतदाताओं के जवाब अपलोड किए गए। सही कारण न बता पाने वाले मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। 2.40 लाख मतदाताओं में से 2,35, 655 मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया है। नाम हटाए जाने वालों में शामिल 58 मतदाताओं ने अलग-अलग कारणों से अपना नाम सूची से हटवाया है। उधर, नए मतदाता बनाए जाने के लिए प्राप्त 86,193 आवेदन में 895 निरस्त किए गए हैं। फाॅर्म सात यानी सूची से नाम हटाने के लिए मिले 3406 आवेदनों में 1128 सही नहीं मिले। संशोधन के लिए मिले 342 फार्म सत्यापन में अधूरे मिले। संवाद