पूरनपुर। गांव पिपरा मुजप्ता के गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली के आरोप पर गन्ना किसानों ने जमकर हंगामा कर तौल बंद करवा दी। हंगामा होने पर गन्ना की तौल कर रहा कर्मचारी मौके से खिसक गया। आक्रोशित किसानों ने एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना लेकर पहुंचे किसान अरुण ने घटतौली का आरोप लगाया। किसान का कहना था कि गन्ना धर्मकांटा पर तुलवाकर लाया है। धर्मकांटा के हिसाब से तीन क्विंटल घटतौली हो रही है। घटतौली के आरोप पर एकत्र हुए किसानों ने बांट रखकर गन्ना की तौल की। इसमेें घटतौली होने पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों के हंगामा पर गन्ना तौल रहा कर्मचारी मौके से खिसक गया। आक्रोशित किसानों ने मोबाइल पर जिला गन्ना अधिकारी को सूचना दी। एसडीएम आवास पहुंचकर शिकायत कर जांच कर कार्रवाई की मांग की। हंगामा कर रहे किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्र पर पिछले कई दिनों से क्रय केंद्र इंचार्ज नहीं पहुंच रहा है। गन्ना चौकीदार मनमाने ढंग से गन्ना की तौल कर रहा था। इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हंगामा करने वालों में सचिन पासवान, प्रमोद कुमार, रिंकू गंगवार, विमल, प्रमोद, दोदराम, तिलकराम, लालता प्रसाद, रामकेशन, गुरसेवक सिंह, विवेक आदि थे। सहकारी गन्ना समिति सचिव टीएन त्रिपाठी ने घटतौली की सूचना से इनकार किया। उन्होंने बताया कि वे अवकाश पर घर आए हुए है।