पीलीभीत। माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग पर गुरुवार 12 बजे उस समय यातायात रुक गया, जब ट्रेन के आवागमन से पूर्व गेट बंद करते समय जल्दबाजी कर रहे थ्रीव्हीलर ने बूम तोड़ दिया। बूम टूटने से मार्ग पर दोनों ओर यातायात थम गया। गेटमैन ने अन्य लोगों की मदद से टूटे बूम को हटाया, करीब आधा घंटे के बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका। गेटमैन की सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने थ्रीव्हीलर ड्राइवर को हिरासत में लेकर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रेलवे क्रॉसिंग पर नियमों को ताख पर रख जल्दबाजी करने की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। गुरुवार को टनकपुर की ओर से आ रही ट्रेन को पास कराने के लिए माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन सुरेश कुमार ने गेट बंद करना शुरू किया। गेट पूरी तरह बंद नहीं हो सका कि जल्दबाजी में एक थ्रीव्हीलर गेट में जा घुसा। टक्कर लगने से बूम टूट गया। आरपीएफ प्रभारी प्रणय कुमार ने बताया कि आरोपी ड्राइवर दिनेश निवासी मुहआ थाना गजरौला के खिलाफ रेल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसका शुक्रवार को चालान किया जाएगा।