खेकड़ा (बागपत)
बिहार के गवर्नर सतपाल मलिक छह जून को खेकड़ा में आदर्श जनता विद्यालय के कार्यक्रम में भाग लेने आएंगे। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था का जायजा लिया।
बिहार के राज्यपाल सतपाल मलिक बागपत के हिसावदा गांव के निवासी है। खेकड़ा में कई कार्यक्रमों में उन्होंने पूर्व में भाग लिया है। नगर व क्षेत्र के अनेक बुद्धिजीवी, शिक्षक, चिकित्सक, एडवोकेट, राजनेता, किसान व छात्रों से उनका वर्षों पुराना नाता रहा है। छह जून को वह अपने वर्षों से सहयोगी रहे शिक्षक नेता गजे सिंह दहामा के आदर्श जनता विद्यालय के स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान क्षेत्र के बुद्धि जीवियों से वार्ता और संबोधन करेंगे। बीमार चल रहे शिक्षक नेता गजे सिंह दहामा के स्वास्थ्य का हाल चाल भी जानेंगे। कार्यक्रम की अधिकारिक सूचना आने के बाद सोमवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी स्थल पर पहुंचे। एसडीएम आशीष कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना शर्मा ने कार्यक्रम स्थल का मौका मुआयना किया। साथ ही आयोजकों को प्रोटोकोल के तहत आवश्यक निर्देश का पालन करने की आवश्यकता से अवगत कराया।