शीत लहर का कहर जारी, कुछ देर धूप निकली फिर चली ठंडी हवा
पीलीभीत। जिले में सर्दी के तेवर फिर तीखे होते जा रहे हैं। गलन बढ़ी ठंड का दौर जारी है। दो दिन से दोपहर में अच्छी धूप खिलने के बाद रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और पारा लुढ़कते ही ठंड से लोग बेहाल दिखे। शीतलहर का असर रहने की वजह से लोगों को दिन में निकलने वाली धूप भी राहत नहीं दे सकी। बढ़ते तापमान से आगामी दिनों में बूंदाबांदी की संभावना भी जताई जा रही है।
रविवार को न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जोकि शनिवार के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। हालांकि अधिकतम तापमान में रविवार को अच्छी खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो शनिवार के मुकाबले 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते यह लोगों को सुकून नहीं दे सका। शीतलहर का असर बरकरार रहने के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर थे। दोपहर के समय धूप सेंकने के वक्त भी उन्हें गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है, ताकि शीतलहर से बचाव हो सके। कड़ाके की ठंड का असर इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुले क्षेत्रों में ओस की बूंद भी भोर में जमी हुई देेखने को मिलती है।
बीसलपुर। यहां भी रविवार सुबह से अपराह्न दो बजे तक पड़ी कड़ाके की सर्दी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। कोहरे की वजह से वाहन काफी धीमी गति से चलते हुए देखे गए। बाजार में लोग जगह-जगह अलाव तापते देखे गए। बसों, बाजार और ट्रेनों में कम भीड़ देखी गई। ग्रामीण क्षेत्र की साप्ताहिक हाटों में भी खरीदारों की संख्या कम रही। घर से बाहर निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों से सुसज्जित थे। अपराह्न दो बजे के बाद हल्की धूप निकलने पर लोगों को कुछ राहत मिली।
पड़ रही कड़ाके की ठंड, नहीं जले अलाव
कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से जहां लोग परेशान हैं। वहीं, पालिका प्रशासन की ओर से अब तक अलाव जलवाने की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। हालात यह हैं कि गलन भरी ठंड से लोगों का जीना इन दिनों दुश्वार हो रहा है। हल्की धूप से भी लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। दुकानदार से लेकर आमजन सब इस कड़ाके की ठंड से परेशान हैं। वहीं नगर पालिका प्रशासन दावा करता आया है कि शहर के प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था व्यवस्था करवाई गई है ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके, लेकिन सच्चाई यह है कि शहर में भ्रमण के दौरान कहीं भी अलाव की व्यवस्था देखने को नहीं मिली।