बरखेड़ा और जहानाबाद में मारपीट
पीलीभीत। निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद कहीं हारे हुए प्रत्याशी आपस में लड़ रहे हैं तो कहीं हारे हुए प्रत्याशियों के समर्थक विजेताओं के समर्थकों के बीच झड़प हो रही है। इसको लेकर बरखेड़ा में भाजपा से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी के पति की ओर से निर्दलीय प्रत्याशी के पति सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, जहानाबाद में सभासद के प्रत्याशियों और समर्थकों में झड़प होने पर रिपोर्ट दर्ज हुई हैं।
बरखेड़ा। नगर पंचायत चेयरमैन पद की भाजपा प्रत्याशी ममता भोजवाल और निर्दलीय प्रत्याशी सोनल गुप्ता के समर्थकों बीच झगड़ा हो गया। मारपीट होने पर भाजपा प्रत्याशी के पति कस्बा निवासी श्याम बिहारी भोजवाल ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप है चुनाव परिणाम आने के बाद वह अपने परिवार और समर्थकों के साथ घर में बैठे हुए थे। शुक्रवार शाम करीब छह बजे निर्दलीय प्रत्याशी सोनल गुप्ता के समर्थक आशी गुप्ता, तीर्थदेव, दिपांशु, ऋषिराज गुप्ता, पूर्व चेयरमैन दिनेश गुप्ता और वीरेंद्र शर्मा सहित कई लोग उनके दरवाजे के सामने आतिशबाजी छोड़ने लगे। उनके चालक तेजबहादुर ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर आतिशबाजी से हाथ जला दिया। आरोप कि शोरशराबा होने पर पिता गेंदन लाल घर से निकले तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं हमलावरों ने एक राय होकर अवैध शस्त्र लेकर घर में घुसकर हमला कर दिया। एसएचओ जयवीर सिंह ने बताया कि श्याम बिहारी भोजवाल की ओर से आशी गुप्ता, तीर्थदेव, दिपांशु, ऋषिराज गुप्ता, पूर्व चेयरमैन दिनेश गुप्ता व वीरेन्द्र शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जहानाबाद। चुनाव जीतने के बाद विजेता और पराजित प्रत्याशी के समर्थकों में झगड़ा हो गया। इसमें पराजित भाजपा प्रत्याशी के समर्थक की ओर से चार नामजद एवं 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा गया है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार वार्ड छह से सभासद का चुनाव जीते देवीराम के समर्थकों ने इसी वार्ड के भाजपा प्रत्याशी गनेश के समर्थक गुलाब किशोर के घर के बाहर आतिशबाजी शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर हमला कर दिया। भाजपा प्रत्याशी समर्थक गुलाब सिंह की पुलिस ने सभासद देवीराम, ढाकनलाल, नंदराम, लालमन एवं 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।