नदी में पशुओं को पानी पिलाने गए एक ग्रामीण पर घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने हमला कर दिया, बमुश्किल खुद को बचा पाया ग्रामीण घायल हो गया। मौत के मुंह से निकलकर आए लहूलुहान ग्रामीण को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदपुरा निवासी हजारीलाल रविवार को सुबह गांव के पड़ोस में बह रही कटना नदी में अपने पशुओं को पानी पिलाने गया था। हजारी लाल पानी में घुसकर पशुओं को नहलाने भी लगा। इसी बीच पानी के भीतर घात लगाए बैठे एक मगरमच्छ ने हजारीलाल पर हमला कर दिया। मगरमच्छ उसको अपने शिकंजे में लेने लगा तो हजारीलाल ने बचने के प्रयास में चीखना शुरू कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दौड़कर शोर मचाया और जमीन पर जमकर लाठियां पीटीं, तो डरकर मगरमच्छ हजारीलाल को छोड़कर नदी में चला गया लेकिन उसके हमले से हजारीलाल लहूलुहान होकर अर्द्धमूर्च्छित हो गया। उस पर हमले की सूचना पूरे गांव में फैल गई और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। लहूलुहान हजारीलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण नदी में जाने को लेकर अलर्ट हो गए हैं। उन्होंने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़कर कहीं और छोड़ने की मांग की है।