पीलीभीत। हरियाली के बीच बाघों के दीदार पीटीआर के पर्यटन को हर सत्र में नई ऊचांइयों पर पहुंचा रहे हैं। इस सत्र के समाप्त होने में अभी तीन दिन का समय शेष है। ऐसे में अब तक 52,581 सैलानी भ्रमण करने आ चुके हैं। आंकड़ों की मानें तो हर सफारी के दौरान सैलानियों को बाघों के दीदार हुए हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का मुख्य पर्यटन स्थल चूका बीच है। चूका बीच में बनी खूबसूरत हट और मोटर बोट की जिम्मेदारी वन निगम के अधीन है। इसके अलावा जंगल सफारी और गेस्टहाउस पीटीआर के अधीन है। महोफ और मुस्तफाबाद गेस्टहाउस पर्यटन के दो प्रवेश द्वार बनाए गए थे।
इस सत्र में पहले दिन से ही सैलानियों की आमद शुरू हो गई थी। चूका बीच की खूबसूरती और बाघों के दीदार सैलानियों को पीटीआर आने पर मजबूर करते रहे। नतीजतन, सात माह तक चलने वाले पर्यटन सत्र में अबतक 52,581 सैलानियों की आमद दर्ज की जा चुकी है। 15 जून को सत्र समाप्त होने में अभी तीन दिन शेष हैं। रोजाना सैलानियों की भीड़ जंगल सफारी के लिए उमड़ रही है। ऐसे में संख्या और भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।