पीलीभीत। जिले में मतदान तीसरे चरण में 23 अप्रैल को संपन्न कराया जा चुका है। अब चौथे चरण में 29 अप्रैल को होने वाले चुनाव की तैयारियां तेज हो गई है। इसके लिए जिले से भी भारी पुलिस बल बृहस्पतिवार को कन्नौज जिले के लिए रवाना हो गया। एसपी समेत कई अधिकारियों ने फोर्स को ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशानिर्देश दिए। जिसके बाद रोडवेज की बसों में सवार कर फोर्स की रवानगी कर दी गई। वैसे तो सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अधिकारी रवाना किए गए फोर्स की संख्या नहीं बता रहे हैं। हालांकि करीब छह सौ पुलिसकर्मियों के जाने का अनुमान है।
पुलिस लाइन ग्राउंड पर बृहस्पतिवार दोपहर को फोर्स की रवानगी से पूर्व ब्रीफिंग की गई। इसमें एसपी मनोज कुमार सोनकर, एएसपी रोहित मिश्र, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सदर योगेंद्र कुमार मौजूद रहे। फोर्स की रवानगी के लिए कई रोडवेज की बसें तैयार रखी गई। दोपहर करीब 12 बजे अधिकारियों ने फोर्स को ब्रीफ किया। उन्होंने आचार संहिता के बारे में जानकारी दी। ड्यूटी को गंभीरता से करने का पाठ पढ़ाया। कई आवश्यक बातें भी बताई गई। जिसके बाद फोर्स को बसों में सवार कर एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया। रवाना किया गया फोर्स पुलिस लाइन, थाना और कार्यालयों से है। ऐसे में जिला स्तर पर फोर्स की कमी कुछ दिन रहेगी। जिससे कई तरह की दिक्कत पुलिस के सामने हैं। अफसर भले ही बंदोबस्त पुख्ता होने की बात कर रहे हो, लेकिन निचले स्तर पर इसको लेकर मातहतों की चिंता बढ़ी हुई है।