पीलीभीत। बिगड़ती बिजली व्यवस्था के पीछे अफसर कोई भी बहाना बनाएं, लेकिन मौसम में आए मामूली बदलाव के बाद फाल्ट होने से चरमरा रही सप्लाई के लिए विभाग खुद जिम्मेदार है। दावे तो कई किए जाते हैं, लेकिन हकीकत बयां करने के लिए जर्जर तारों का जंजाल ही काफी है। आलम यह है कि बिजली के तारों पर कहीं घास की बेल उग चुकी है, तो कहीं पेड़ों की टहनियां तारों पर ही टिक गई हैं। पेड़ों के बीच से गुजरते तार टहनियों और पत्तियों के बीच गुम हो गए हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है।
कागजों में जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली की सप्लाई की जा रही है, लेकिन लोकल फाल्ट से आए दिन घंटों की अघोषित कटौती होती है। इसमें सबसे मुख्य वजह जर्जर और झूलते तार बिजली सप्लाई को ध्वस्त करने की वजह बने हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि कोई योजना न होने के कारण शहर के जर्जर तार नहीं बदलवाए जा सके हैं, लेकिन सवाल ये है कि हादसे का सबब बनने वाली अव्यवस्था को तो दूर किया जा सकता है। तारों पर आ चुके पेड़ों की छंटनी के नाम पर भी सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। नतीजतन तेज हवा और बारिश के बाद फाल्ट से जूझना पड़ता है। शहर के प्रमुख स्थानों पर बिजली के तारों के हालात चेक किए तो मुख्य मार्गों से सामने आईं तस्वीर भी चौंकाने वाली रहंी। ऐसा नहीं कि इसकी जानकारी पावर कॉरपोरेशन के अफसरों को नहीं। लापरवाह रवैया अपनाते हुए इससे निगाहें फेर ली गई हैं। मानों हादसे का इंतजार किया जा रहा हो।
स्टेेशन रोड
बिजली के तारों पर रखी टहनियों की ये तस्वीर रेलवे स्टेशन रोड पर मीना बाजार के पास की है। इस इलाके में आए दिन फाल्ट भी होते हैं। जिससे सप्लाई ठप रहती है। इसके बावजूद कोई सुधार के प्रयास नहीं किए जाते। बीते साल आई आंधी में यहां पर टहनियां गिरने से तार टूटकर गिर गए थे। इसमें राहगीर बाल-बाल बचे थे।
सुनगढ़ी थाना
ये तस्वीर शहर के व्यस्ततम सुनगढ़ी थाने के पास मुख्य मार्ग की है। पेड़ों के बीच से गुजरते बिजली के तारों को देख साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां पर लंबे समय से टहनियों की छटनी नहीं कराई गई है। अगर इस वजह से कोई तार टूटकर गिर गया, तो बड़े हादसे का सबब बनेगा।
गांधी स्टेडियम रोड
गांधी स्टेडियम मार्ग पर दिन रात ट्रैफिक चलता है। यहां पर भी पावर कॉरपोरेशन की लापरवाही बिजली के तारों पर टिकी पेड़ों की टहनियों को देख उजागर हो रही है। कई तार पेड़ों के बीच में छिपकर रह गए हैं। विभाग की ये लापरवाही कभी भी राहगीरों के लिए मुसीबत बन सकती है।
कुछ समय पहले ही शहर में तारों पर आने वाले पेड़ों की छंटनी कराई गई थी। इस काम के लिए सप्लाई बंद करनी होगी, इसलिए अभी इसको रोका गया है, जल्द इसको कराया जाएगा। गैस चौराहा के पास जर्जर पोल को लेकर कई बार टीम भेजी गई। काम भी शुरू हुआ, लेकिन कभी नया खंभा लगाने, तो कभी जगह को लेकर ऐतराज किया गया। जिसके चलते देरी हुई, इसका समाधान कराया जा रहा है। - रनवीर सिहं, एसडीओ पावर कॉरपोरेशन