08 पीबीटीपी 36
उप-डाकघर घोटाले को लेकर तीन और सस्पेंड
पीएमजी बरेली ने अमरिया पहुंचकर की अभिलेखों की जांच
पीड़ित उपभोक्ताओं को रुपये वापसी का दिलाया भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
अमरिया/पीलीभीत। उपभोक्ताओं के खातों से फर्जीबाड़ा कर लाखों रुपये का गबन करने के मामले में पीएमजी बरेली मंडल आरकेवी सिंह ने शनिवार को उपडाकघर अमरिया पहुंचकर जांच की। इसके बाद अब अमरिया के आरोपी पोस्टमास्टर सोहन लाल के अलावा तीन अन्य को भी सस्पेंड कर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दो माह के भीतर खातों की जांच पूरी कराकर पूरे मामले का निस्तारण कर दिया जाएगा।
पिछले दिनों अमरिया उप डाकघर में पोस्टमास्टर सोहनलाल उपभोक्ताओं का 50 लाख से ज्यादा का गबन कर फरार हो गया था। इसकी पीलीभीत डाक विभाग के सहायक अधीक्षक एके जैन ने थाना अमरिया में सात अगस्त को रिपोर्ट कराई गई थी। कार्रवाई किए जाने के बाद भी सोहनलाल का कोई पता नहीं लग सका है। खातों से धोखाधड़ी कर धनराशि निकालने की भनक लगने पर उपभोक्ताओं ने घोटाले की शिकायत मुख्य डाकघर पीलीभीत एवं पीएमजी कार्यालय बरेली में की थी। इस मामले में शनिवार को डाक विभाग के पीएमजी बरेली मंडल आरकेवी सिंह, एसएसपी (अधीक्षक पोस्ट) बरेली नईमुद्दीन, सहायक अधीक्षक बरेली सुजीत कुमार एवं सहायक अधीक्षक पीलीभीत एके जैन ने उप डाकघर अमरिया पहुंचकर अभिलेखों की जांच की। गबन व फर्जीबाड़े में संदिग्ध पाए जाने पर पोस्टमास्टर सोहनलाल को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि अब बीसलपुर के पोस्टमास्टर बलवंत सिंह, डाक सहायक पीलीभीत एचए खान व बरेली के डाक सहायक को सस्पेंड कर दिया गया है। बरेली से अफसरों के जांच करने आने का पता लगते ही पीड़ित भी उपडाकघर पहुंच गए। पीएमजी ने पीड़ित उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि अब तक 120 खाताधारकों ने शिकायत दर्ज कराई है। इसमें अब तक 20 खातों की जांच हो चुकी है। फर्जी तरीके से निकासी फार्म भरकर धन निकाला गया है। अभी जमा खातों की जांच चल रही है जो लगभग दो माह में पूरी कर ली जायेगी। फर्जीबाड़ा कर निकाले धन की वापसी की जाएगी। उसके बाद सुकन्या, आरडी, एवं एफडी खातों की जांच कराई जायेगी। इसके बाद सभी का पैसा वापस किया जाएगा।