सड़क पर आया बाघ तो रूके गाड़ियों के पहिये, धड़कने बढ़ीं
माधोटांडा-पीलीभीत जंगल मार्ग पर सिद्धबाबा स्थल के पास दी दस्तक
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। जंगल मार्ग पर दिनदिहाड़े बाघ की चहलकदमी से दहशत फैल गई। माधोटांडा-पीलीभीत जंगल मार्ग पर सिद्ध बाबा स्थल के निकट उस वक्त यातायात रुक गया जब जंगल का राजा ने मार्ग पर दस्तक दे डाली। लगभग दस मिनट बाद बाघ के जंगल के अंदर की ओर जाने के बाद यातायात सुचारू हुआ। लगातार जंगल मार्ग पर बाघ की चहलकदमी से राहगीरों में दहशत कायम हैं।
माला रेंज के जंगल क्षेत्र में माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर पिछले कई दिनों से बाघ की चहलकदमी देखी जा रही हैं। कुछ दिन पूर्व से जंगल मार्ग के अलग-अलग स्थानों पर आए आवारा पशुओं के झुंड भी इसकी वजह माने जा रहे हैं। गुरुवार अपराह्न 12 बजे बाघ के जंगल मार्ग पर आ जाने से राहगीरों में हड़कंप मच गया। पूरनपुर के मुझा गांव से माधोटांडा-पीलीभीत जंगल मार्ग से होकर सरदहा गांव की ओर जा रहे यात्रियों की उस वक्त सांसे थम गई जब जंगल मार्ग पर सिद्ध बाबा के करीब बाघ सड़क के बीच खड़ा दिखाई दिया। जिसके बाद वाहनों की रफ्तार थम गई और उसमें सवार लोगों के पसीने छूट गए। कई राहगीरों ने तो वाहन मोड़कर वापसी करने में ही भलाई समझी। करीब दस मिनट तक सड़क पर रहने के बाद बाघ जंगल की तरफ चला गया। इसके भी काफी देर तक लोग मार्ग से गुजरने से घबराते रहे। हालांकि बाद में ट्रैफिक सुचारू हो सका।
00
कैमोर में मिले बाघ के पगचिह्न
अमरिया। तहसील क्षेत्र के कैमोर गांव में बाघ ने मौजूदगी का अहसास कराया। गांव निवासी बलजीत सिंह ने बताया बुधवार सुबह उनके खेत की तरफ जाने वाले मार्ग पर बाघ के पगचिह्न मिले। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। इसपर निगरानी टीम के वन दरोगा देवेन्द्र पाल सिंह, सोम पाल, चेतन कुमार मौके पर पहुंचे और पगमार्क ट्रेस किए।