वैन ने मारी टक्कर, किसान की मौत
-खेत से घर जाते वक्त हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर।
खेत से काम निपटाकर घर लौट रहे खमरिया पट्टी निवासी केसरीलाल (58 वर्षीय) को मारुति वैन ने रविवार शाम करीब छह बजे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र के खमरिया पट्टी निवासी केसरीलाल पुत्र रामपाल खेती करते थे। रविवार शाम को वह खेत से काम निपटाकर घर को लौट रहे थे। असम हाईवे पर गांव के पास पहुंचते ही पीलीभीत की ओर जा रही मारुति वैन ने उनको टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। घायल किसान को इलाज के लिए अस्पताल को निकले, लेकिन रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने चेकिंग कराई। जिसके बाद हादसा करने वाली वैन को धर दबोचा। कोतवाल योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि परिवार वालों से मिली तहरीर पर मारुति वैन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के एक बेटा व तीन बेटी सभी विवाहित हैं। उधर, माधोटांडा रोड पर लोधीपुर गांव के पास ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार गांव ढक्काचाट निवासी मनोरंजन और गांव चंदिया हजारा निवासी गौर विश्वास घायल हो गए। दोनों को सीएचसी भर्ती कराया गया है।