अनियंत्रित होकर पलटा गिट्टी लदा ट्रक, दो घायल
गन्ने की ट्रॉली से बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कराया सीएचसी में भर्ती
09 पीबीटीपी 10
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा/पीलीभीत। पूरनपुर-माधोटांडा रोड पर जरा बुुजुर्ग गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक व हेल्पर घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भर्ती कराया गया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ लगी रही।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के पिपरिया संतोष गांव के रहने वाले अफजाल अहमद ट्रक चालक हैं। बृहस्पतिवार रात वह ट्रक में गिट्टी लादकर पलिया जाने के लिए निकले। उनके साथ गांव का ही निवासी उनका हेल्पर मोहम्मद रसूल भी था। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे माधोटांडा-पूरनपुर मार्ग पर जरा बुजुर्ग गांव के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भर्ती कराया गया है। घायल ट्रक चालक ने बताया कि सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से बचाने के चक्कर में हादसा हुआ है।