पीलीभीत। शहर के ग्रेजुएट पास विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए बरेली समेत अन्य महानगरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने उपाधि महाविद्यालय को एमए समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र व अंग्रेजी विषय की मान्यता प्रदान की है।
शहर के उपाधि महाविद्यालय को स्थापित हुए पचास से अधिक वर्ष हो चुके हैं। यहां पर अभी तक बीए, बीएससी व बीकाम व एमकॉम की कक्षाएं संचालित होती आ रही है। ऐसे में स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी को एमए आदि के विभिन्न विषयों की पढ़ाई करने के लिए बरेली समेत अन्य महानगरों में शरण लेनी पड़ रही थी। इधर एमजेपी रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने उपाधि महाविद्यालय को एमए समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र व अंग्रेजी विषय की मान्यता प्रदान की है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरएस मिश्र ने बताया कि अभी तक महाविद्यालय में परास्नातक में हिंदी, राजनीतिशास्त्र व इकोनॉमिक्स के साथ साथ एमकॉम की कक्षाएं ही संचालित की जा रही थी। अब विश्वविद्यालय ने परास्नातक के तीन अन्य विषयों की मान्यता प्रदान की है। इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रबंध समिति द्वारा महाविद्यालय के शैक्षिक स्तर बेहतर करने आदि को लेकर तेजी से कार्य किया जा रहा है। एमएससी कक्षाओं के लिए भवन बनाने की योजना बनाई जा रही है। आगामी वर्षों में एमएससी कक्षाएं संचालित करने के प्रयास किए जाएंगे।