होली की छुट्टियों का आनंद लोगों ने चूका स्पॉट एवं जंगल की सैर सपाटे के साथ उठाया। होली के दो दिनों में 511 पर्यटक चूका स्पॉट पहुंचे। इससे विभाग को 85 हजार रुपये आमदनी हुई। टाइगर रिजर्व का सीजन शुरू होने के बाद यूं तो नवंबर माह से ही प्रतिदिन पर्यटक यहां पहुंचते हैं लेकिन होली के दिनों में मिली छुट्टी पर पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिले से बाहर काम धंधा एवं नौकरी पेशा लोग होली की छुट्टियों में घर पहुंचते हैं। ऐसे तमाम लोग शहरों की कोलाहल से प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने सोमवार दोपहर बाद एवं मंगलवार को चूका स्पॉट पहुंचे। पर्यटकों ने चूका स्पॉट और इसके किनारे स्थित शारदा सागर डैम का लुत्फ उठाया। इसके अलावा कई पर्यटकों ने जिप्सी एवं अन्य वाहनों से जंगल की सैर भी की। इसके चलते टाइगर रिजर्व में पिछले दो दिनों से अपेक्षाकृत अधिक चहल पहल देखी जा रही है वहीं पर्यटकों के आने से अधिकारी एवं स्टाफ भी खुश हैं। एसडीओ केपी सिंह ने बताया पिछले दो दिनों में 153 वाहनों से 511 पर्यटक चूका स्पॉट पहुंचे। जिससे 85 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
पूर्णागिरी जाने वाले भी उठा सकते हैं लुत्फ
होली के दिन से ही उत्तराखंड का प्रमुख मां पूर्णागिरी मेला प्रारंभ हो जाता है। इस मेले में लखीमपुर, सीतापुर, लखनऊ, बहराइच, फैजाबाद आदि से बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पूरनपुर माधोटांडा खटीमा होते हुए पहुंचते हैं। माधोटांडा से खटीमा जाते समय यह दर्शनार्थी चूका स्पॉट का आनंद भी उठा सकते हैं। इसके चलते वनविभाग भी जगह-जगह होर्डिंग्स लगवा रहा है।