अस्वीकृत प्रजाति का गन्ना उत्पादन करने वाले 673 किसानों को सहकारी गन्ना समिति से नोटिस जारी कर अस्वीकृत प्रजाति के गन्ना न उत्पादन करने की चेतावनी दी गई है। किसानों को उक्त गन्ना की शीघ्र सप्लाई कर स्वीकृत गन्ना प्रजाति के बीज को पर्यवेक्षक से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। गन्ना परिषद के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि सहकारी गन्ना विकास समिति क्षेत्र में 673 किसानों ने 304 हेक्टेयर भूमि पर अस्वीकृत प्रजाति का गन्ना उत्पादन कर रखा है। किसानों को कोसी 01424, कोसी 91269, कोसा 96260, को 1248 अस्वीकृत प्रजाति होने की कई बार जानकारी दी गई। अब अस्वीकृत प्रजाति का गन्ना उत्पादन करने वाले किसानों को नोटिस जारी कर भविष्य में अस्वीकृत प्रजाति का गन्ना न बोने और इस सत्र में शीघ्र गन्ना की सप्लाई करने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि अगले सत्र में अस्वीकृत प्रजाति का गन्ना नहीं लिया जाएगा। किसान स्वीकृत प्रजाति के बीज के लिए क्षेत्र के गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क कर बीज प्राप्त कर सकते हैं।